प्रमुख ख़बरें भरतपुर

₹100 करोड़ की लागत से बनने वाले डीग बाईपास मय ROB के निर्माण कार्य का विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने किया शुभारंभ

डीग। डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए विधायक डॉ. शैलेश दिगम्बर सिंह ने आज ₹100 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले लगभग 9 किलोमीटर लंबे “डीग बाईपास मय रेलवे ओवर ब्रिज (ROB)” के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पूर्व उन्होंने अपने “संकल्प पत्र” में डीग की जनता से यह वादा किया था कि डीग बाईपास का शिलान्यास और उद्घाटन दोनों उनके हाथों से ही संपन्न होंगे। आज उस संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक सड़क निर्माण कार्य नहीं, बल्कि डीग के सुनियोजित विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति का आधार बनेगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व तथा उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्रीमती दीया कुमारी के मार्गदर्शन में राजस्थान सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा की थी। राज्य सरकार की विकासोन्मुखी सोच के कारण आज वर्षों से लंबित यह बहुप्रतीक्षित परियोजना धरातल पर उतर रही है।

डॉ. सिंह ने कहा कि श्री गिर्राज जी महाराज की असीम कृपा तथा डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र की सम्मानित जनता के आशीर्वाद से इस महत्वपूर्ण कार्य का शुभारंभ हुआ है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी ताकि परियोजना निर्धारित समय में पूर्ण होकर आमजन को शीघ्र लाभ पहुंचा सके।

उन्होंने कहा कि लंबे समय तक पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार एवं उसके जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की जनभावनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों को केवल लंबित रखने का कार्य किया, जबकि वर्तमान सरकार जनता की आवश्यकताओं को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए एक-एक संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

विधायक डॉ. शैलेश दिगम्बर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि डीग बाईपास के निर्माण से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी, व्यापार एवं पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता निरंतर जारी रहेगी और जनता से किए गए प्रत्येक वादे को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।