डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश दिगम्बर सिंह का 46वाँ जन्मदिवस, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा हर्षोल्लास से मनाया गया। विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने अपने जन्मदिन की शुरुआत अपने पिता, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्मृतिशेष डॉ. दिगम्बर सिंह एवं माँ श्रीमती आशा सिंह की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की, इसके पश्चात श्री दिगम्बर नर्सिंग कॉलेज, लुधावई में कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि उनके जीवन का प्रत्येक शुभ कार्य माता-पिता के स्मरण और उनके आशीर्वाद से ही प्रारंभ होता है। उनके पूज्य पिताजी द्वारा जनसेवा, विकास और समाज के प्रति समर्पण के जो आदर्श स्थापित किए गए तथा माताजी द्वारा दिए गए संस्कार, आज भी उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। उन्हीं के आशीर्वाद और मार्गदर्शन से वे डीग-कुम्हेर की जनता की सेवा के लिए निरंतर कार्यरत हैं।
इसके उपरांत भरतपुर के राज गार्डन, मुखर्जी नगर में आयोजित जन्मदिवस समारोह में क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं नगरों से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, पार्टी कार्यकर्ता तथा शुभचिंतक उपस्थित हुए। सभी ने पुष्पगुच्छ, साफा एवं शुभकामनाओं के साथ विधायक डॉ. शैलेश दिगम्बर सिंह को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की।
केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने फ़ोन पर डॉ. सिंह को जन्मदिन की बधाई दी। राजस्थान के सभी वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर डॉ. सिंह को बधाई दी, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक बहादुर सिंह कोली, भाजपा जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष आदि ने भरतपुर पहुंचकर डीग-कुम्हेर विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं।
समारोह में उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. शैलेश दिगम्बर सिंह ने कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि डीग-कुम्हेर विधानसभा को शिक्षा, रोजगार, आधुनिक आधारभूत संरचना, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और युवाओं के लिए नए अवसरों से समृद्ध बनाना उनका लक्ष्य है।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज का युवा ही कल के भारत का निर्माता है। यदि युवाओं को सही दिशा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, तो डीग-कुम्हेर प्रदेश ही नहीं, देश के विकास का भी अग्रणी क्षेत्र बन सकता है। वे युवाओं की आकांक्षाओं को जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी प्राथमिकता मानते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में विधायक डॉ. सिंह ने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
अपने जन्मदिवस के एक दिन पूर्व विधायक डॉ. शैलेश सिंह, अपने परिवार के साथ डीग-कुम्हेर विधानसभा के ग्राम बैलारा कलाँ पहुंचे, जहाँ कार्यकर्ताओं ने उनका जन्मदिन उत्साह से मनाया। इसके पश्चात उन्होंने डीग स्थित पूंछरी का लोठा में गोवर्धन जी का दुग्धाभिषेक किया एवं श्री नाथ जी मंदिर के दर्शन किए। विधायक के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा युवा मोर्चा, शहर मंडल डीग द्वारा डीग जिला चिकित्सालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और लोगों ने रक्तदान किया।


