भरतपुर, 1 अक्टूबर 2026 ! पूर्व कैबिनेट मंत्री, विकास पुरुष एवं लोहागढ़ के सपूत स्वर्गीय डॉ. दिगम्बर सिंह जी की जयंती के अवसर पर डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश दिगम्बर सिंह द्वारा श्री दिगम्बर नर्सिंग कॉलेज, भरतपुर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं बड़ी संख्या में आमजन ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। लोगों ने उनके साथ बिताए अपने संस्मरणों को साझा करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
इस अवसर पर डॉ. शैलेश दिगम्बर सिंह ने कहा कि “मेरे पिता डॉ. दिगम्बर सिंह जी के लिए राजनीति केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और क्षेत्र की सेवा का संकल्प थी। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में भरतपुर और पूर्वी राजस्थान के विकास को प्राथमिकता दी। आज उनकी जयंती पर हम उन्हें केवल एक पिता के रूप में नहीं, बल्कि उस जनसेवक के रूप में याद कर रहे हैं, जिसने अपने कार्यों से आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास की मजबूत नींव रखी।”
विकास कार्यों की विरासत
डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि डॉ. दिगम्बर सिंह जी की विकास सोच का प्रभाव आज भी भरतपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिखाई देता है। उनके कार्यकाल से जुड़े प्रमुख कार्यों में चौरासी कोस ब्रज परिक्रमा मार्ग के निर्माण को आगे बढ़ाना, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना/निर्माण, भरतपुर को संभाग का दर्जा दिलाने की पहल तथा ब्रज क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए महाराजा सूरजमल ब्रज विश्वविद्यालय की स्थापना, बंद पड़ी सिमको फैक्ट्री को पुनः शुरू कराने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने जैसे कार्य प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में डॉ. दिगम्बर सिंह जी के कार्यों में राजस्थान में 108 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत को विशेष रूप से याद किया जाता है।
डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि उनके पिता की सोच थी कि किसी भी क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब वहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार के अवसर और मजबूत आधारभूत संरचना उपलब्ध हो। इसी सोच के अनुरूप उन्होंने भरतपुर को शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास किए।
उन्होंने कहा, “पिताजी ने जो विकास की सोच और सेवा का संस्कार हमें दिया, वह हमारे लिए केवल पारिवारिक विरासत नहीं बल्कि सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी का मार्गदर्शन है। उनकी जयंती हमारे लिए उन्हें याद करने के साथ-साथ उनके अधूरे सपनों और क्षेत्र के विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर भी है।”
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, भरतपुर एवं डीग भाजपा जिलाध्यक्ष, महापौर भरतपुर अनुराधा हजारी सिंह, पूर्व सांसद, पूर्व विधायकों, जनप्रतिनिधियों एवं डीग, भरतपुर जिले सहित राजस्थान के कोने कोने से आए हुए लोगों ने डॉ. दिगम्बर सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें याद किया।


