समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav के भाई Prateek Yadav के निधन की खबर से उत्तर प्रदेश की राजनीति और यादव परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी के लिए शव को पोस्टमार्टम हेतु King George’s Medical University भेजा गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव की तबीयत अचानक खराब हुई थी, जिसके बाद परिवार उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा।
प्रतीक यादव, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Mulayam Singh Yadav की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। साधना गुप्ता का निधन वर्ष 2022 में हुआ था। प्रतीक की पत्नी Aparna Yadav भारतीय जनता पार्टी की नेता और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
स्कूल की दोस्ती से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
प्रतीक और अपर्णा यादव की शादी लंबे समय तक चर्चा में रही थी। दोनों के बीच स्कूल के दिनों में दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। आगे चलकर दोनों ने इंग्लैंड में साथ पढ़ाई की और फिर विवाह किया। राजनीतिक रूप से अलग विचारधाराओं से जुड़े होने के बावजूद दोनों की जोड़ी अक्सर सार्वजनिक जीवन में चर्चा का विषय रही।
फिटनेस और बिजनेस से जुड़ी थी पहचान
राजनीति से दूर रहने वाले प्रतीक यादव अपनी कारोबारी गतिविधियों और फिटनेस लाइफस्टाइल के लिए जाने जाते थे। वे सार्वजनिक मंचों पर कम नजर आते थे, लेकिन सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों में सक्रिय रहते थे।
प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों ने शोक व्यक्त किया है। राजनीतिक गलियारों में इसे यादव परिवार के लिए एक बड़ा व्यक्तिगत आघात माना जा रहा है।


